पुलिया पर पानी होने के बावजूद पार करने का जोखिम न उठाएं, नदी से दूरी बनाए रखने की अपील
असलम रंगरेज
काछोला। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते बनास नदी का जलस्तर बढ़ गया है। काछोला थाना क्षेत्र के रड़ा से ककरोलिया घाटी मार्ग पर बनास नदी की पुलिया पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। पुलिया पर पानी आने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों एवं राहगीरों के लिए खतरा बढ़ गया है।
पुलिया पर पानी का बहाव तेज होने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। काछोला थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने क्षेत्रवासियों एवं राहगीरों से विशेष सावधानी बरतने को कहा है। उन्होंने अपील की कि पुलिया पर पानी का तेज बहाव होने की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं और पुलिया पार करने का प्रयास नहीं करें।
पानी के बहाव को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
बारिश के दौरान नदी एवं पुलिया पर पानी का बहाव अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। कई बार कम दिखाई देने वाला पानी भी तेज धार के कारण वाहन या व्यक्ति को बहा सकता है। इसलिए आमजन से अपील की गई है कि पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा हो तो वहां रुककर पानी कम होने का इंतजार करें और सुरक्षित रास्ते का ही उपयोग करें।
नदी के आसपास जाने से भी बचें
थाना प्रभारी नरेश शर्मा ने लोगों से नदी एवं पुलिया के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने तथा बच्चों और युवाओं को भी नदी के पास नहीं जाने देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव कभी भी बढ़ सकता है, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।
रड़ा-ककरोलिया घाटी मार्ग क्षेत्र के ग्रामीणों और राहगीरों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। बारिश के दौरान पुलिया पर पानी आने से आवागमन प्रभावित होने की स्थिति बन जाती है। ऐसे में वाहन चालक जल्दबाजी न करें और प्रशासन की सलाह का पालन करें।
प्रशासन एवं पुलिस की आमजन से अपील:
“पुलिया पर तेज बहाव हो तो पार नहीं करें, नदी से दूरी बनाए रखें और सुरक्षित रहें।”
