बिजौलिया – शुभम जैन । राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बेरिसाल, ग्राम पंचायत सुखपुरा में 14 वर्षीय छात्र-छात्रा वर्ग की 70वीं ब्लॉक स्तरीय खेलकूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। प्रतियोगिता में ब्लॉक क्षेत्र की 33 टीमों ने भाग लेकर विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पूर्व जिला प्रमुख इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ मुख्य अतिथि तथा पूर्व प्रधान आशा देवी भील विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी, स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि इंजीनियर कन्हैया लाल धाकड़ ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, एकता, मेहनत और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए अपने गांव, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कबड्डी वर्ग में काश्या टीम विजेता तथा मांडल टीम उपविजेता रही। वहीं वॉलीबॉल में ए वी एस पब्लिक स्कूल बिजौलिया विजेता तथा तिलस्वां की टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में सुखपुरा प्रशासक पांचु लाल भील, किसान पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल धाकड़, थड़ोदा प्रशासक राजेश धाकड़, खनन व्यवसायी मोहनलाल धाकड़, शंकर लाल धाकड़, मांगीलाल धाकड़, विवेक-सुषमा चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव गोपाल धाकड़, आदर्श धाकड़ विद्यापीठ के सचिव रमेश चंद धाकड़ सहित जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने, अनुशासन बनाए रखने और निरंतर मेहनत करते हुए आगे बढ़ने का संदेश दिया।
