बिजौलिया में टिकट की नाराजगी ने पकड़ा जोर, वार्ड-14 में भाजपा के सामने बगावत की चुनौती

BHILWARA
Spread the love


पैराशूट प्रत्याशी उतारने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में असंतोष, टिकट की उम्मीद लगाए बैठे राजू चित्तौड़ा ने निर्दलीय मैदान में उतरकर दिखाए तेवर



बिजौलिया। नगर पालिका चुनाव में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी तस्वीर साफ होती जा रही है। 25 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है, लेकिन कई वार्डों में टिकट वितरण के बाद स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आने लगी है। लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रहने वाले कार्यकर्ताओं की जगह बाहरी अथवा दूसरे वार्ड से आने वाले प्रत्याशियों को टिकट दिए जाने से पार्टी के भीतर असंतोष के स्वर तेज हो गए हैं। इसका सीधा असर अब चुनावी मैदान में दिखाई देने लगा है। वार्ड नंबर 14 में भाजपा के टिकट वितरण से नाराज स्थानीय कार्यकर्ता ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में ताल ठोक दी है।

वार्ड-14 में भाजपा के सामने बागी चुनौती

वार्ड नंबर 14 में भाजपा ने हर्षदा राठौर को अपना प्रत्याशी बनाया है। हर्षदा राठौर वार्ड नंबर 13 की निवासी बताई जा रही हैं। वहीं कांग्रेस ने उनके सामने रामसिंह रावणा राजपूत को चुनाव मैदान में उतारा है। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर के साथ अब निर्दलीय प्रत्याशी की मौजूदगी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है।

भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता राजू चित्तौड़ा और ललिता देवी लंबे समय से पार्टी संगठन से जुड़े हुए थे और टिकट की उम्मीद लगाए बैठे थे। नामांकन के अंतिम दिन उन्हें फोन पर नामांकन भरने का आश्वासन मिलने की बात सामने आई, लेकिन बाद में पार्टी का अधिकृत सिंबल नहीं मिलने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई। इसी बीच जब पार्टी की ओर से दूसरे वार्ड की हर्षदा राठौर को प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी सामने आई तो स्थानीय कार्यकर्ताओं की नाराजगी खुलकर सामने आ गई।

आश्वासन से बगावत तक पहुंचा मामला

स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिलेगा और उनकी जगह दूसरे वार्ड से प्रत्याशी लाए जाएंगे, तो स्वाभाविक रूप से कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा होगा। टिकट नहीं मिलने के बाद अब राजू चित्तौड़ा ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरकर प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

राजू चित्तौड़ा के निर्दलीय मैदान में आने से भाजपा के सामने अपने ही कार्यकर्ता के वोट बैंक को संभालने की चुनौती खड़ी हो गई है। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के सामने भी अब मुकाबला आसान नहीं रहेगा। ऐसे में वार्ड-14 में चुनावी गणित तेजी से बदलता नजर आ रहा है।

640 मतदाता तय करेंगे किसके सिर सजेगा ताज

वार्ड नंबर 14 में कुल 640 मतदाता हैं। यही मतदाता भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदाताओं की संख्या भले ही सीमित हो, लेकिन तीन प्रत्याशियों के मैदान में होने से कुछ दर्जन वोटों का अंतर भी चुनाव परिणाम को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में वार्ड में होने वाला जनसंपर्क और मतदाताओं का रुख खासा महत्वपूर्ण रहने वाला है।

बिजौलिया में निर्दलीयों की थोक में ताल, आगे हर वार्ड की कहानी

बिजौलिया नगर पालिका चुनाव में टिकट वितरण के बाद कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की थोक में ताल देखने को मिल रही है। पार्टी से टिकट नहीं मिलने, स्थानीय कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और पैराशूट उम्मीदवारों को मैदान में उतारे जाने की चर्चाओं के बीच कई दावेदारों ने अब पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

बिजौलिया में निकाय चुनाव के दौरान टिकट वितरण के बाद उपजे असंतोष और निर्दलीय प्रत्याशियों की बगावत पर हर वार्ड की जानकारी आगे भी जारी रहेगी। प्रत्येक वार्ड की चुनावी स्थिति, प्रत्याशियों का समीकरण, स्थानीय मुद्दे, मतदाताओं का रुझान और निर्दलीय उम्मीदवारों से बदलते चुनावी गणित से पाठकों को लगातार अवगत कराया जाएगा।

वार्ड-14 की तरह अब नजरें उन दूसरे वार्डों पर भी हैं, जहां पार्टी टिकट के बाद भीतरखाने नाराजगी और बगावत के सुर सुनाई दे रहे हैं।