काछोला में धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी महोत्सव, झांकियों और भजनों ने बांधा समां

BHILWARA
Spread the love


विक्रम सिंह @काछोला

काछोला। कस्बे में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। द्वारकाधीश मंदिर सहित कस्बे के प्रमुख मंदिरों में दिनभर से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। शाम को सजाई गई सजीव झांकियों ने ग्रामीणों को भाव-विभोर कर दिया।

द्वारकाधीश मंदिर को रंग-बिरंगी रोशनी और पुष्पों से सजाया गया था। रात 12 बजते ही जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया, “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।

मंदिर के पुजारी ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का अभिषेक किया और प्रसाद वितरण किया। इस दौरान महिला मंडलों और युवा मंडलों ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया।

भक्तों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरित कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। देर रात तक मंदिर प्रांगण में भजनों की गूंज और भक्तों की भीड़ बनी रही।

काछोला का यह जन्माष्टमी महोत्सव आस्था और उल्लास का अद्भुत संगम रहा, जिसमें क्षेत्रवासियों ने पूरे उत्साह से भागीदारी निभाई।