अब तक 13 कलाकारों पर कार्रवाई, सोशल मीडिया सेल की लगातार निगरानी, युवाओं को अपराध की ओर भटकाने वाले गीतों पर कसी लगाम
भीलवाड़ा।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में भीलवाड़ा पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपराध और गैंग कल्चर को बढ़ावा देने वाले गीतों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब तक 117 आपत्तिजनक गानों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स से हटवाया है, जबकि 13 गायक और कलाकारों पर निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस की सोशल मीडिया सेल की जांच में सामने आया कि कई कलाकार अपने गीतों में गैंगस्टरों, अपराधियों और खनन माफियाओं का महिमामंडन कर रहे थे। इन गीतों में हथियारों का प्रदर्शन, कानून-व्यवस्था के प्रति नकारात्मक संदेश और अपराधी जीवनशैली को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया था। ऐसे कंटेंट से प्रभावित होकर युवा वर्ग गलत दिशा में जा रहा था, जिसे देखते हुए पुलिस ने सख्त कदम उठाया।
सोशल मीडिया सेल ने कार्रवाई करते हुए लेवल अपना बोदा नहीं, बदमाशी का सिक्का, सिस्टम सारा हिला राख्या, यार थारो गैंगस्टर, में बदमाशो का बादशाह, नाकाबंदी, पिस्तोल सो जिगरो, बदमाशी जिंदाबाद जैसे कई गानों को विभिन्न प्लेटफॉर्म्स से हटवाया है।
जिला पुलिस ने बताया कि छह और कलाकारों की पहचान की गई है, जो अपराध और अश्लीलता से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहे थे। इन पर भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की निगरानी टीम लगातार ऐसे खातों पर नजर रखे हुए है, जो गैरकानूनी गतिविधियों या अपराधियों के महिमामंडन से जुड़ी सामग्री अपलोड करते हैं।

इस अभियान में साइबर मॉनिटरिंग विंग के कानि. छोटू रेबारी की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखते हुए इन गानों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
एसपी धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि अपराध और गैंग कल्चर को गौरवशाली बताने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी अगर कोई कलाकार ऐसे गीत गाने या प्रसारित करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













