BHILWARA

आरएएस प्रकाशचंद्र रेगर ने संभाला शाहपुरा एडीएम का पदभार जनसुनवाई में आमजन को मिलेगा त्वरित न्याय-एडीएम रेगर

शाहपुरा-मूलचन्द पेसवानी
शाहपुरा को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है। सोमवार को आरएएस अधिकारी प्रकाशचंद्र रेगर ने शाहपुरा के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) का पदभार संभाला। पदभार ग्रहण करने से पूर्व उन्होंने भीलवाड़ा कलेक्टर से औपचारिक मुलाकात की।
एडीएम रेगर के पदभार संभालने पर स्थानीय कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पदग्रहण के बाद मीडिया से बातचीत में रेगर ने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि वे इस बात को सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक सरकारी योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
रेगर ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। उन्होंने कहा, “शाहपुरा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा, ताकि आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके।”


जनसुनवाई को लेकर भी एडीएम रेगर ने सख्त रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आम आदमी को त्वरित न्याय मिलना चाहिए और इसके लिए वे एक पारदर्शी व्यवस्था लागू करेंगे। उन्होंने बताया कि उनके कार्यालय में किसी भी आम नागरिक के आने पर कोई पाबंदी नहीं होगी। “जनता की आवाज सीधे सुनना ही प्रशासन की असली ताकत है,”।
शाहपुरा क्षेत्र के विभिन्न विभागों के कार्यों की गति और गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए रेगर शीघ्र ही सभी विभागीय अधिकारियों की फीडबैक बैठक बुलाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में यदि कोई लापरवाही या ढिलाई पाई गई तो उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय अधिकारियों ने नए एडीएम के स्वागत के दौरान भरोसा जताया कि रेगर के नेतृत्व में शाहपुरा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। वहीं, नागरिकों में भी उम्मीद है कि नए प्रशासनिक अधिकारी की प्राथमिकता में जनसुविधाएं और त्वरित समाधान व्यवस्था प्रमुख रूप से शामिल होंगी।
प्रकाशचंद्र रेगर के प्रशासनिक कार्यों का पूर्व अनुभव भी उत्कृष्ट माना जाता है। वे अपने संवेदनशील प्रशासनिक रवैये के लिए जाने जाते हैं। उनकी कार्यशैली जनसंपर्क आधारित रही है, जिससे वे आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने में विश्वास रखते हैं। पदभार ग्रहण के साथ ही शाहपुरा प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार देखा जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच उम्मीद है कि नए एडीएम के नेतृत्व में क्षेत्र की विकास योजनाओं, जनसुविधाओं और कानून व्यवस्था में और सुधार होगा।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!