BHILWARA

कोटा के किशोर सागर तालाब में मिली युवक की लाश:दो दिन से लापता था,सगाई टूटने के बाद डिप्रेशन में था


कोटा शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में आज दोपहर बड़ा हादसा सामने आया, जब बाराद्वारी स्थित किशोर सागर तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। तालाब के किनारे मौजूद लोगों ने तुरंत नयापुरा थाना पुलिस और नगर निगम की गोताखोर टीम को सूचना दी।

सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और लगभग कुछ ही मिनटों में शव को तालाब से बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

नयापुरा थाना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान 27 वर्षीय गौरव सिंह निवासी केशवपुरा के रूप में हुई है। गौरव का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे एमबीएस अस्पताल के पोस्टमॉर्टम रूम में भिजवा दिया है। अधिकारियों के अनुसार परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवारजन अस्पताल पहुंचे।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गौरव शुक्रवार से लापता था और उसकी तलाश की जा रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ समय पहले गौरव की सगाई टूट गई थी, जिसके बाद से वह मानसिक रूप से तनाव में था और निराश चल रहा था। गौरव प्राइवेट नौकरी करता था और पिछले कुछ दिनों से घर में भी कम बातचीत कर रहा था।

फिलहाल पुलिस ने परिजनों की शिकायत दर्ज कर ली है। थाना अधिकारी ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा और उसके बाद शव को परिवार को सौंप दिया जाएगा। पुलिस पूरी घटना की जांच में जुटी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से हुई मौत।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!