BHILWARA

भीलवाड़ा में मामूली कहासुनी बनी जानलेवा, पड़ोसी पिता-पुत्र पर चाकू से वार


भीलवाड़ा । शहर के नया बापूनगर क्षेत्र में रविवार देर रात एक मामूली सा विवाद जानलेवा कहासुनी में बदल गया, जब अलाव ताप रहे युवक की गाली-गलौज का विरोध करने पर पड़ोसी परिवार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस वारदात में पिता-पुत्र गंभीर घायल हो गए, जबकि झड़प के दौरान आरोपी भी हल्का घायल हुआ है।



पुलिस ने बताया की टंकी वाले पार्क के पास रहने वाला सौरभ पुत्र गोविंद झा रात करीब 10.30 बजे अलाव तापते हुए लगातार गाली-गलौज कर रहा था। इसी दौरान पहली मंजिल पर बने घर से पड़ोसी महेशदास पुत्र गोवर्धनदास विरवानी ने उसे आवाज देकर अभद्र भाषा का प्रयोग न करने के लिए टोका। इस बात से सौरभ उग्र हो गया और नीचे बुलाकर देख लेने की धमकी देने लगा।



बताया गया कि बार-बार मना करने पर भी सौरभ नहीं माना। इस पर महेश नीचे आकर उसे समझाने लगा, लेकिन बात बढ़ती चली गई। विवाद बढ़ते ही सौरभ अपने घर के अंदर गया और सब्जी काटने वाला तेज चाकू लेकर वापस आया। आते ही उसने महेश के सीने, पेट और हाथ पर तेज वार कर दिए, जिससे महेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।


महेश की चीख सुनकर उसके बुजुर्ग पिता गोवर्धनदास नीचे पहुंचे तो सौरभ ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान चाकू छीनने की कोशिश में आरोपी सौरभ के हाथ में भी हल्की चोट आई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति संभाली और पुलिस को सूचना दी।

तीनों घायलों को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया। महेशदास की हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रैफर कर दिया। वहीं पुलिस ने घटना स्थल का मौका-मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

KAPIL SHYAM VIJAY

जहां सोच जवान हो , खबरे बेजुबान नहीं होतीं

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!