कोटड़ी का अनुराग गुजराती बना तहसीलदार, परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर

BHILWARA
Spread the love


संवाददाता। राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
कस्बे के होनहार युवक अनुराग गुजराती ने आरएएस (राजस्थान प्रशासनिक सेवा) परीक्षा 252वी रेंक से उत्तीर्ण कर तहसीलदार पद हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे कोटड़ी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में गर्व और खुशी का माहौल है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर फैली, बधाई देने वालों का तांता लग गया। अनुराग गुजराती के पिता सत्यनारायण गुजराती प्रशासनिक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं।

परिवार में शुरू से ही शिक्षा और अनुशासन का माहौल रहा। जिसका परिणाम अनुराग की इस सफलता के रूप में सामने आया है। अनुराग ने अपनी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है जिससे युवा वर्ग को एक नई दिशा मिली है। इसका श्रेय पिता व बड़े भाई अमित गुजराती की प्रेरणा को दिया है। बेटे की इस सफलता से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। घर पर दिनभर रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। सभी ने मिठाई खिलाकर अनुराग का मुंह मीठा कराया और साफा पहनाकर उनका सम्मान किया। परिवारजनों ने इसे वर्षों की मेहनत और संघर्ष का फल बताया। स्थानीय नागरिकों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी अनुराग की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। अमित गुजराती, दिनेश डीडवानिया, महेंद्र टेलर, धर्मेंद्र पाटोदी, घनश्याम काबरा, भगवती लाल शर्मा सहित अनेक लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अनुराग ने कोटड़ी का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि अनुराग अपने पद पर रहते हुए ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करेंगे तथा आमजन की समस्याओं का समाधान कर समाज की सेवा करेंगे। अनुराग की इस उपलब्धि को कोटड़ी के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताया जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र को उत्साहित और प्रेरित किया है।
फोटो