पृथ्वी दिवस पर छात्रों का सम्मान, बोले विधायक- पेड़ बचेंगे तो भविष्य बचेगा

BHILWARA
Spread the love


वृक्षारोपण कर दिलाया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
शाहपुरा। मूलचन्द पेसवानी
विश्व पृथ्वी दिवस पर बुधवार को शाहपुरा में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष पहल देखने को मिली। विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने अपने कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया, जिन्होंने क्षेत्र में वृक्षारोपण और पर्यावरण बचाने की दिशा में सराहनीय कार्य किए हैं।


समारोह में विधायक ने विद्यार्थियों को मोमेंटो और दुपट्टा पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पर्यावरण के प्रति जिस तरह जागरूक होकर काम कर रही है, वह आने वाले समय के लिए उम्मीद जगाने वाला है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो क्षेत्र में हरियाली बढ़ाना कोई मुश्किल काम नहीं है।
डॉ. बैरवा ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आवश्यकता बन चुका है। जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और लगातार कम हो रहे वन क्षेत्र के कारण प्राकृतिक संतुलन बिगड़ रहा है। ऐसे में समाज के हर वर्ग को जिम्मेदारी के साथ आगे आना होगा।
उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं। ये न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि जल स्तर बनाए रखने, तापमान नियंत्रित करने और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। यदि अभी से प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकट का सामना करना पड़ सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया और उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना आसान है, लेकिन उन्हें पेड़ बनाना असली जिम्मेदारी है।
इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने और इसे जन आंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।