पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, कार पर पुलिस लोगो लगाकर करते थे तस्करी
बिजौलिया ।
राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार को घेराबंदी कर पकड़ा और उसमें से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया। कार में सवार दो अंतरराज्यीय तस्करों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाधिकारी स्वागत पांड्या को डीएसटी से सूचना मिली थी कि पुलिस का लोगो लगी एक संदिग्ध अल्काजर कार तेज रफ्तार में बिजौलिया की ओर बढ़ रही है। इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने केसरंगज कट पर तत्काल नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में बताई गई कार वहां पहुंची, जिसे रुकवाकर जांच की गई।
तलाशी के दौरान कार में रखे प्लास्टिक के कट्टों से 246 किलो 620 ग्राम अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। साथ ही एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और 21 जिंदा कारतूस भी मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि तस्कर किसी बड़ी आपराधिक गतिविधि की तैयारी में थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान तकदीर सिंह (27) और दलजीत सिंह (37) निवासी बरनाला (पंजाब) के रूप में बताई। पुलिस ने मादक पदार्थ, हथियार और तस्करी में प्रयुक्त अल्काजर कार को जब्त कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद डोडा चूरा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 37 लाख रुपए आंकी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कार पर पुलिस का लोगो लगाकर जांच से बचने की कोशिश करते थे।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला हुआ है।
