*फोकस भीलवाड़ा न्यूज़ बनेड़ा -परमेश्वर दमामी*
रा.उ.मा.वि. सरदारनगर के तत्वावधान में स्वगणना (जनगणना) 2027 के सफल संचालन एवं आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को एक व्यापक जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए गांव की विभिन्न ढाणियों एवं मुख्य मार्गों पर जाकर लोगों को जनगणना के महत्व के प्रति जागरूक किया।
रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जहां पीईईओ अंशु वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सही एवं सटीक जानकारी प्रदान करनी चाहिए।
रैली के दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर एवं तख्तियां लेकर “जनगणना में दें सहयोग”, “सही जानकारी – देश की तरक्की” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक करते नजर आए। विद्यार्थियों ने घर-घर जाकर ग्रामीणों को स्वगणना प्रक्रिया की जानकारी दी और उन्हें इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
पूरी रैली अनुशासनबद्ध तरीके से निकाली गई, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय स्टाफ भी सक्रिय रूप से शामिल रहा। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश अधिक प्रभावी होता है और इससे समाज में सकारात्मक बदलाव आता है।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के रूप में सुनिता तोशावड़ा, मंजू झंवर, नीरू जीनगर, किस्मत कोली, किरण मीणा, राकेश रंजन, मधु वर्मा, ललिता कुमावत, पारस व्यास, लोकेश सुवालका, रामकरण तेली एवं व्याख्याता गोपाल टेलर सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे और रैली के सफल संचालन में अपना योगदान दिया।
कार्यक्रम का समापन पुनः विद्यालय परिसर में हुआ, जहां सभी विद्यार्थियों को जनगणना के महत्व एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
