‘मांडलगढ़। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाअभियान के तहत मांडलगढ़ विधायक गोपाल खंडेलवाल ने शनिवार को ग्राम पंचायत मोहनपुरा स्थित श्री कृष्ण गौशाला परिसर में विकसित सघन वन क्षेत्र का अवलोकन कर वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधों के संरक्षण को वृक्षारोपण जितना ही महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान किया।

विधायक गोपाल खंडेलवाल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल वर्तमान की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के सम्मान में एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकता है।
वृक्षारोपण कार्यक्रम के उपरांत विधायक गोपाल खंडेलवाल ने देवनारायण भगवान के मंदिर में दर्शन कर मांडलगढ़ विधानसभा क्षेत्र की सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास की मंगलकामना की।
इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अशोक जीनगर, पूर्व चेयरमैन संजय डांगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अर्जुन ब्रह्मभट्ट, पूर्व पार्षद अनीता सुराणा, जगदीश पुरी, प्रशासक रामस्वरूप तेली, कैलाश तेली, सुरेंद्र सिंह, मुरली वैष्णव, गोविंद शर्मा, घीसू मेघवाल, बूथ अध्यक्ष दिलराज मीणा, नरेंद्र सिंह, रमेश मेघवाल, शंभू तेली, हरीश शर्मा, चतर सिंह, सोराम गुर्जर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
